खेल
पोलो-2: 13-2 की जीत से जयपुर ने मेफेयर पोलो एस्टेट को दी करारी शिकस्त
आरपीसी कप-2 में टीम जयपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेफेयर पोलो एस्टेट को 13-2 से करारी शिकस्त दी। पद्मनाभ सिंह ने पांच गोल दागकर जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि दूसरे मुकाबले में ऑल स्टार्स ने वी पोलो को 9.5-5 से हराया।
जयपुर। फ्लड लाइट्स की रोशनी में जयपुर के पोलो मैदान पर रोमांच लगातार बढ़ रहा है। आरपीसी कप-2 के दूसरे दिन टीम जयपुर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मेफेयर पोलो एस्टेट को 13-2 से करारी शिकस्त दी।
एक बार फिर जयपुर की जीत के नायक पद्मनाभ सिंह रहे। उन्होंने अपनी टीम के लिए अकेले पांच गोल किए। इस सीजन में चार मैचों में उनके अब तक 30 गोल हो चुके हैं। अक्षय मलिक ने चार, जबकि कुलदीप सिंह राठौड़ और रुशिल नरूला ने दो-दो गोल किए।
दूसरे मुकाबले में ऑल स्टार्स ने वी पोलो को 9.5-5 से हरा दिया। ऑल स्टार्स के जुआन जोस अल्बर्डी ने शानदार अंदाज में खेलते हुए सात गोल दागकर अपनी टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। अशोक चांदना ने दो गोल किए।
वी पोलो की ओर से निमित मेहता ने तीन, जबकि विशाल सिंह राठौड़ और गोंजालो यांजों ने एक-एक गोल किया।
